रुद्रपुर। दिनेशपुर फ्लाईओवर के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और अस्पताल के पीएमएस का घेराव कर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नंदपुर, गदरपुर निवासी जितेंद्र (23) पुत्र कल्याण सिंह बुधवार सुबह करीब पौने आठ बजे बाइक से घर से निकला था। बताया गया कि दिनेशपुर फ्लाईओवर के पास उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार करीब 35 फीट नीचे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जितेंद्र प्रेमनगर कुटिया के पास स्थित अनहद इंडस्ट्रीज में काम करता था। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद जितेंद्र को अस्पताल लाया गया, जहां शुरुआत में उसके शरीर से रक्तस्राव नहीं हो रहा था। आरोप है कि उपचार के दौरान अचानक तेज रक्तस्राव शुरू हो गया और उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और परिचितों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और पीएमएस का घेराव कर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन और पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद और स्पष्ट हो सकेगी।



