रुद्रपुर। खेड़ा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कमरे में 39 वर्षीय कारीगर अचेत हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक हुई मौत से परिजन और परिचितों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मृतक की पहचान कौशलेंद्र (39) पुत्र राजेश के रूप में हुई है। वह मूलरूप से आगरा का रहने वाला था और करीब पांच वर्षों से रुद्रपुर के वार्ड नंबर 19 स्थित खेड़ा क्षेत्र में रह रहा था। कौशलेंद्र सीयू इंटरप्राइजेज में हीटर बनाने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि खेड़ा में एक युवक अपने कमरे में अचेत पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे में कौशलेंद्र अचेत अवस्था में मिला। उसकी हालत देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीयू इंटरप्राइजेज के मालिक मुकेश सक्सेना ने बताया कि उन्हें कौशलेंद्र के कमरे में अचेत पड़े होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।



