बड़ी खबर…
देहरादून। मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि इको कार के परखच्चे उड़ गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर आगे चल रहे पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया। इससे पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार सीधे पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में इको में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को डोईवाला के सीएचसी समेत अन्य अस्पतालों में पहुंचाया। इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर टोल के पास करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
एसआई कोतवाली नारायण व्यास ने बताया कि घायलों को सीएससी डोईवाला, हिमालयन और कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



