रुद्रपुर, संवाददाता। विद्युत वितरण खंड-द्वितीय की ओर से आरडीएसएस योजना के तहत अनुरक्षण एवं तकनीकी कार्य कराए जाने के कारण रविवार को शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से पहले ही आवश्यक तैयारियां पूरी करने की अपील की है।
विभाग के अनुसार 33/11 केवी दानपुर उपकेंद्र से संचालित जाफरपुर, एसपीटी, फौजी मटकोटा, भूरारानी, राठी इंडस्ट्रियल और सिटी वन फीडरों की विद्युत आपूर्ति रविवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक पूर्ण अथवा आंशिक रूप से बंद रहेगी। वहीं नवोदय उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में भी निर्धारित अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी। उपभोक्ताओं से पेयजल का पर्याप्त भंडारण करने तथा इनवर्टर व अन्य वैकल्पिक विद्युत उपकरण पहले से चार्ज रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए इसे आवश्यक तकनीकी कार्य बताया है।


