रुद्रपुर, विशेष संवाददाता: ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की आवास विकास चौकी में एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे कमरे में बंद रखकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, कई बार भूखा रखा गया और जबरन वीडियो बनाकर भविष्य में ब्लैकमेल करने की साजिश रची गई।
महादेव पार्क, आवास विकास निवासी पम्मी उर्फ पायल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह जून 2025 में बाजपुर निवासी विवेक चौहान से हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवेक पंतनगर सिडकुल स्थित एक निजी कंपनी में इंजीनियर है। विवाह के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदल गया और वह जेठ शिवजी चौहान तथा जेठानी किरण के उकसावे में आकर मारपीट करने लगा। साथ ही उस पर लगातार तलाक का दबाव बनाया जाने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि रुद्रपुर में ननद इंदु और ननदोई दीपक पंत की शह पर उसे दिनभर कमरे में बंद रखा जाता था। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जिससे वह मायके या पुलिस से संपर्क न कर सके। कई दिनों तक भोजन न देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पति ने धमकाकर उसका वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसका इस्तेमाल भविष्य में झूठे मुकदमों में फंसाने या ब्लैकमेल करने के लिए किया जा सकता है। पीड़िता ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




