गदरपुर। कलियर मजार से जियारत कर लौट रहे परिवार की कार शुक्रवार देर रात गदरपुर थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। जाफरपुर के पास महतोष मोड़ पर अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बरेली जिले के शेरगढ़ निवासी नसीर अहमद का परिवार कलियर मजार से लौट रहा था। देर रात जब उनकी आर्टिका कार जाफरपुर के पास महतोष मोड़ पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे में 28 वर्षीय नदीम पुत्र नसीर अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इमरान, मोबीना, मन्नत, नथिया, अंजुम समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गदरपुर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया कि हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




