रुद्रपुर। गांव किरतपुर में चोरों ने एक किसान के सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता सुबह होने पर चला। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी किसान प्रदीप चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव में उनके दो मकान हैं। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वह मंगलवार रात दूसरे मकान में रुके थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने पड़े मकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला।
बुधवार सुबह जब वह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये की नकदी गायब है। पीड़ित ने चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
ग्रामीणों के अनुसार रात करीब एक बजे गांव में कुछ संदिग्ध लोग घूमते दिखाई दिए थे। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को उन्हीं लोगों ने अंजाम दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।




