अल्मोड़ा में काल बनकर टूटी खाई, सवारियों से भरी ऑल्टो 300 फीट गहरी खाई में गिरी; चार की मौके पर मौत, दो गंभीर, पूरे इलाके में मातम पसरा

Share the news

अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा विकासखंड में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया के समीप सवारियों से भरी मारुति ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार सोमवार करीब 2:15 बजे ऑल्टो कार (यूके-04 जेड-5819) चायखान-बेगानिया मार्ग पर सवारियों को लेकर जा रही थी। बलिया के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत छह लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस, प्रशासन और राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया।

दुर्घटना में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की शिनाख्त तथा उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *