एक करोड़ बयाना लेकर पलटे विक्रेता! रजिस्ट्री मांगने पर खरीदार से मारपीट, हथियारों से धमकाया, जमीन सौदे में करोड़ों की ठगी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Share the news

रुद्रपुर/पुलभट्टा। ऊधम सिंह नगर के पुलभट्टा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की कृषि भूमि के सौदे को लेकर विवाद सामने आया है। खरीदार ने आरोप लगाया है कि 1.226 हेक्टेयर जमीन के सौदे में एक करोड़ रुपये बयाने के रूप में लेने के बावजूद विक्रेताओं ने तय समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई। इतना ही नहीं, रजिस्ट्री की बात करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता मौ. तकी निवासी लालपुर, महाराजपुर मोड़ के अनुसार मार्च 2024 में परिचित जितेंद्र सिंह के माध्यम से ग्राम बरा स्थित 1.226 हेक्टेयर कृषि भूमि का सौदा हरविंदर सिंह, हरवंश कौर, अमरजीत कौर और सुखजीत सिंह से 27 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से तय हुआ था। 30 मार्च 2024 को किच्छा तहसील में इकरारनामा किया गया, जिसके तहत खरीदारों ने आठ लाख रुपये नकद तथा 92 लाख रुपये आरटीजीएस और चेक के माध्यम से कुल एक करोड़ रुपये बयाने के रूप में अदा किए। समझौते के अनुसार 30 सितंबर 2025 तक भूमि की रजिस्ट्री होनी थी।

पीड़ित का आरोप है कि तय समय से पहले कई बार संपर्क करने के बावजूद विक्रेताओं ने रजिस्ट्री के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए और लगातार टालमटोल करते रहे। जब वह अपने भाई और जितेंद्र सिंह के साथ विक्रेताओं के घर पहुंचे तो विवाद हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान कुछ लोग हथियार लेकर पहुंचे और खरीदारों के साथ मारपीट की। विरोध करने पर दोबारा रजिस्ट्री की बात करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मौ. तकी का कहना है कि आरोपी बयाने की एक करोड़ रुपये की रकम हड़पने की नीयत से रजिस्ट्री नहीं कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत पत्र प्राप्त हो गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *