रुद्रपुर, संवाददाता। प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में सोमवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7413.20 लाख रुपये (करीब 74.13 करोड़) की जिला योजना को मंजूरी दी गई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को निष्पक्षता के साथ योजना में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला योजना जनपद के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है, जो छोटे-छोटे लेकिन आवश्यक विकास कार्यों में आने वाली धन की कमी को पूरा करती है।
मंत्री बत्रा ने बताया कि इस बार की योजना में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, सिंचाई और पेयजल जैसे मूलभूत क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधूरे पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए और आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नियमित जल परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने सीएसआर मद के माध्यम से भी जनपद में आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना में स्वरोजगार और आजीविका आधारित योजनाओं के साथ शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और नवाचार से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विभिन्न विभागों को आवंटित बजट का ब्यौरा देते हुए बताया कि माध्यमिक शिक्षा को 500 लाख, बेसिक शिक्षा को 498 लाख, स्वास्थ्य विभाग को 335 लाख, कृषि को 205 लाख, सिंचाई को 547 लाख, लोक निर्माण विभाग को 615 लाख और पंचायतीराज को 500 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रभा, ज्योति ग्रोवर, अनूप कौर, रीना गौतम सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा।


