बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से धान की पैदावार में भारी गिरावट, क्रॉप कटिंग में एक प्लॉट में 17.52 तो दूसरे में 28.14 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज, पिछले वर्षों में 55 क्विंटल तक होता था उत्पादन

रुद्रपुर। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का असर धान की फसल पर पड़ा है। गदरपुर तहसील के रफी नगर गांव में खरीफ सीजन 2026 की क्रॉप कटिंग के दौरान धान की उपज में भारी गिरावट सामने आई है। दो अलग-अलग प्लॉटों में किए गए फसल उत्पादन के आकलन में प्रति हेक्टेयर 17.52 और 28.14 क्विंटल धान की उपज मिली। जबकि पिछले वर्षों में प्रति हेक्टेयर 55 क्विंटल तक उत्पादन होता था। उपज में आई कमी को कृषि विभाग ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

 

मुख्य कृषि अधिकारी ऊधम सिंह नगर के अनुसार, बुधवार को राजस्व ग्राम रफी नगर, न्याय पंचायत गोविंदपुर, तहसील गदरपुर में धान की फसल की प्रतिदर्श क्रॉप कटिंग कराई गई। इसमें पटवारी वीना मियान, वल्देव राज और कृषक मनप्रीत कौर मौजूद रहीं। पहले प्लॉट में 43.50 वर्ग मीटर क्षेत्रफल से 7.620 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादन 17.52 क्विंटल आंका गया।

 

वहीं, दूसरे प्लॉट में कृषक मनवीर कौर के खेत में 43.50 वर्ग मीटर क्षेत्रफल से 12.240 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर उपज 28.14 क्विंटल रही। दोनों प्लॉटों के परिणामों में पिछले वर्षों की तुलना में उत्पादन काफी कम मिला है।

 

कृषि विभाग के अनुसार, इस बार बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि को धान की उपज में कमी का प्रमुख कारण माना जा रहा है। क्रॉप कटिंग के परिणामों से किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने में भी मदद मिलेगी।