बाजपुर। करवा चौथ से एक दिन पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। रुद्रपुर हाईवे पर दोराहा के पास बुधवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। पीछे से आए डंपर की टक्कर से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। त्योहार से ठीक पहले दंपती की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, गांव कनौरा निवासी मुन्नू (47) अपनी पत्नी जोसमीन (45) के साथ बाइक से जा रहे थे। दोराहा के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती संभल नहीं सके और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कोतवाल नरेश चौहान और दोराहा चौकी प्रभारी देवेंद्र मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दंपती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। करवा चौथ से ठीक पहले हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां मातम पसर गया। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।
