स्कूटी लूटने की कोशिश में युवक ने किया विरोध तो तमंचे की बट से सिर पर हमला, भागते समय दो राउंड फायरिंग, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

स्कूटी लूट में नाकाम बदमाशों ने युवक पर तमंचे से किया वार, भागते समय दो राउंड फायर

 

रुद्रपुर। खेड़ा क्षेत्र में स्कूटी सवार युवक को रोककर लूट का प्रयास और विरोध करने पर तमंचे की बट से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया है। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

 

खेड़ा वार्ड-19 निवासी हर्षित वाल्मीकि गुरुवार रात स्कूटी से किसी काम से निकला था। आरोप है कि किच्छा बाइपास रोड से सटे मार्ग पर गड्ढा कालोनी ट्रांजिट कैंप निवासी संदीप उर्फ चिड़ी, राज, क्रिश और कृष्णा ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपितों ने उसकी स्कूटी छीनने का प्रयास किया।

 

हर्षित ने विरोध किया तो आरोपितों ने तमंचे की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया। किसी तरह वह स्कूटी लेकर वहां से निकलने लगा तो आरोप है कि पीछे से आरोपितों ने दो राउंड फायर कर दिए। घटना के बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

 

शनिवार को पुलिस ने रेशमबाड़ी निवासी राज चौहान पुत्र प्रकाश चौहान और संदीप उर्फ चिड़ी पुत्र रामचंद्र को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।