बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, चोरी के जेवर समेत दो गिरफ्तार
रुद्रपुर। कृष्णा कालोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर जेवरात चोरी करने के मामले का ट्रांजिट कैंप पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने और चांदी के अधिकांश आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कृष्णा कालोनी वार्ड-2 निवासी विजय कुमार प्रसाद 28 अगस्त को परिवार के साथ अयोध्या घूमने गए थे। वापस लौटने पर उन्हें मकान का ताला टूटा मिला। कमरे और अलमारी की जांच की तो सोने का हार, मांग टीका, मंगलसूत्र, चेन, चार अंगूठियां, कान के झुमके और नथ समेत चांदी की पायल, बिछिया, सिक्के, ब्रेसलेट, कमरबंद समेत अन्य जेवर गायब थे।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार देर रात पुलिस को पंचवटी स्टेट के पास दो संदिग्ध युवकों के खड़े होने की सूचना मिली। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान कृष्णा कालोनी निवासी सुनील राजपूत और वार्ड-8 सौरभ नगर निवासी विश्वजीत मंडल के रूप में हुई। तलाशी में पुलिस ने सोने का हार, मांग टीका, मंगलसूत्र, चेन-लॉकेट, चार अंगूठियां, झुमके, नथ सहित चांदी की चार जोड़ी पायल, पांच जोड़ी बिछिया, दो सिक्के, ब्रेसलेट और कमरबंद बरामद किया। दोनों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
