मजबूत एम-पैक्स से गांव और गांवों से समृद्ध होगा उत्तराखंड : धामी, पंतनगर में तीन दिवसीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ने पर जोर

पंतनगर। गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पलायन रोकने में सहकारिता को प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को मजबूत बनाने के लिए नेतृत्व क्षमता विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, पर्वतीय कृषि को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहकारिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की आधारशिला हैं और बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि इनके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक मजबूती मिले।

किसान, युवा और मातृशक्ति प्राथमिकता में

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रतिभागियों से उन्होंने अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने का आह्वान किया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सहकार भारती का उद्देश्य सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाना और किसानों को इससे जोड़ना है।

कार्यक्रम में तीन दिवसीय एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। सहकार ग्रंथ स्मारिका और सोशल मीडिया रील का विमोचन, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ लिमिटेड का अनावरण तथा नई सहकारिता नीति का लोकार्पण भी किया गया।

इस अवसर पर पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सचिव सहकारिता डॉ. अहमद इकबाल, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।