शादी की खुशियां मातम में बदलीं: किच्छा हाईवे हादसे में दो बहनों की मौत, भाई की बरात से पहले उठे जनाजे, तीन मासूम बेटियां हुईं बेसहारा

Share the news

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: किच्छा हाईवे हादसे में दो बहनों की मौत, बरात की जगह उठे जनाजे
किच्छा/उधम सिंह नगर | संवाददाता
घर में शादी की रौनक थी, ढोल-नगाड़ों की तैयारी चल रही थी, मेहमानों की चहल-पहल थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। किच्छा हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बाजार खरीदारी के लिए निकली दो सगी बहनों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव सिरौलीकलां निवासी निशा (25) पत्नी तौफीक अहमद अपने भाई मोहम्मद जाकिर की शादी में शामिल होने के लिए अपने मायके आई थी। वह अपने पति और तीन बेटियों के साथ बड़े अरमानों से इस खुशी के मौके पर पहुंची थी। मंगलवार को निशा अपनी दो माह की मासूम बच्ची, छोटी बहन हिना (22) और ममेरी बहन रूबी (23) के साथ शादी की खरीदारी के लिए बाजार निकली थीं।
बताया जा रहा है कि नयागांव के पास हाईवे किनारे वे ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं, तभी सितारगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने ओवरटेक करते समय ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में निशा और हिना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
जैसे ही हादसे की खबर घर पहुंची, शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। जिस घर से बुधवार को बरात निकलनी थी, उसी घर में अब मातम पसरा हुआ है। मां-बाप के सामने दो जवान बेटियों की मौत ने उन्हें तोड़कर रख दिया है। भाई जाकिर, जिसकी शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, अब गहरे सदमे में है।
हादसे में जान गंवाने वाली हिना की अभी शादी भी नहीं हुई थी, जबकि निशा अपने पीछे तीन छोटी बेटियों को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। गांव सिरौलीकलां में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। हर आंख नम है और हर जुबान पर यही सवाल है कि अब इन मासूम बच्चों का भविष्य क्या होगा।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *