संदिग्ध हालात में युवक की मौत, किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
रुद्रपुर। संवाददाता
शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित भूरारानी इलाके में एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। युवक अपने किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भूरारानी निवासी युवक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसका एक साल का मासूम बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन युवक अचानक घर के दूसरे कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसकी पत्नी को चिंता हुई। पत्नी ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने दूसरे कमरे से झांककर देखा तो युवक फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन युवक को तुरंत नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उपनिरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी ने बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।


