जसपुर/उधम सिंह नगर | संवाददाता
जसपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और चार माह की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बक्शीवाला फाटक, बिजनौर (यूपी) निवासी मोहम्मद इकबाल (38) पेशे से सेल्समैन था। वह मंगलवार सुबह अपनी पत्नी नाहिद जहां और चार माह की बच्ची के साथ बाइक से काशीपुर जा रहा था। इसी दौरान यूपी के थाना रेहड़ क्षेत्र के रायपुर के पास उनकी बाइक एक क्रेन की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि इकबाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। संयोग से पीछे से आ रही एक निजी एंबुलेंस के चालक ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत जसपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में मौजूद ईएमओ डॉ. मेहताब जहां ने जांच के बाद इकबाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत को देखते हुए पत्नी और बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर काशीपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




