रुद्रपुर/उत्तराखंड। उत्तराखंड के होनहार युवा छात्र प्रेम शर्मा ने विश्व प्रसिद्ध अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक को सफलतापूर्वक पूरा कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। नेपाल की हिमालयी वादियों में स्थित यह ट्रेक दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण ट्रेक्स में शामिल माना जाता है। लगभग 70 किलोमीटर लंबे इस ट्रेक की ऊंचाई 4130 मीटर तक पहुंचती है, जहां कठिन चढ़ाई, बर्फीला मौसम और ऑक्सीजन की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
प्रेम शर्मा वर्तमान में Wisdom Public School में कक्षा 12वीं के छात्र हैं। कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर उन्होंने युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। पढ़ाई के साथ साहसिक गतिविधियों में रुचि रखते हुए प्रेम ने अपने अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
यह ट्रेक उन्होंने The GEG Global Foundation नामक संस्था के साथ मिलकर पूरा किया। संस्था युवाओं को साहसिक गतिविधियों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का कार्य करती है। ट्रेक के दौरान प्रेम शर्मा ने अन्नपूर्णा बेस कैंप की ऊंचाइयों पर भारतीय तिरंगा लहराकर देश का गौरव बढ़ाया। उनका कहना है कि विदेश में तिरंगा लहराना उनके जीवन का सपना था, जो अब पूरा हो गया।
प्रेम शर्मा ने बताया कि यह ट्रेक उनके जीवन का सबसे यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि पहाड़ इंसान को धैर्य, अनुशासन और संघर्ष करना सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से जीवन में बड़े लक्ष्य चुनने और चुनौतियों से न डरने का संदेश भी दिया।
उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि प्रेम शर्मा ने कम उम्र में बड़ी सफलता हासिल कर पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।




