शादी का झांसा देकर युवती से बनाए संबंध, फिर बनाए अश्लील वीडियो; शादी की बात पर मुकरा आरोपी, 50 हजार की डिमांड कर वीडियो वायरल और जान से मारने की धमकी दी।

Share the news

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की धमकी

संवाददाता, रुद्रपुर

ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात कुछ वर्ष पहले शिमला बहादुर निवासी केतन कुमार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसे अपने झांसे में लिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का आरोप है कि युवक लंबे समय तक उसे अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी दौरान आरोपी ने उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए।

पीड़िता के अनुसार जब उसने युवक पर शादी का दबाव बनाया तो वह अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे 50 हजार रुपये की मांग भी की।

लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती 18 मई को ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *