रात के अंधेरे में पान की दुकान पर धावा, महिला का गला दबाकर नकदी लूटने का आरोप, ट्रांजिट कैंप में सनसनी, तेज रफ्तार ट्रक लेकर फरार हुआ आरोपी चालक

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में देर रात एक महिला दुकानदार के साथ लूट और जानलेवा हमले की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। हनुमान धाम ढाल के पास स्थित पान की दुकान में घुसे अज्ञात ट्रक चालक ने महिला के विरोध करने पर उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और गल्ले से हजारों रुपये की नकदी व सामान लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार आजाद नगर वार्ड नंबर-2 निवासी रेखा मालाकार हनुमान धाम ढाल के पास पान की दुकान चलाती हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे वह दुकान के अंदर सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक चालक दुकान में घुस आया और गल्ले से नकदी व सामान समेटने लगा। आहट होने पर जब महिला की आंख खुली और उसने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसका गला दबा दिया।

पीड़िता का आरोप है कि चालक गल्ले से करीब 15,500 रुपये की नकदी के साथ सिगरेट की कई डिब्बियां भी उठा ले गया। शोर सुनकर आसपास हलचल बढ़ी तो आरोपी ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। महिला ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक तेज रफ्तार में ट्रक दौड़ाते हुए फरार हो गया। आरोप है कि भागते समय उसने सड़क पर मौजूद लोगों को भी कुचलने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *