सामूहिक दुष्कर्म के घटनास्थल त्रिशूल होमस्टे को किया जा रहा सील, संचालक नहीं दिखा सके जरूरी दस्तावेज, प्रशासन और पर्यटन विभाग की टीम ने शुरू की कार्रवाई

हल्द्वानी। कटघरिया-पनियाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद प्रशासन ने घटनास्थल त्रिशूल होमस्टे के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को प्रशासन और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और होमस्टे को सील करने की प्रक्रिया शुरू की।

जानकारी के अनुसार, किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना इसी होमस्टे में हुई थी। घटना के बाद होमस्टे के संचालन और उसके पंजीकरण से जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी जांच शुरू की गई। मौके पर पहुंची टीम ने संचालक से जरूरी कागजात मांगे, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने होमस्टे को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी।

मौके पर प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। घटना के बाद होमस्टे के संचालन से जुड़े नियमों और जरूरी औपचारिकताओं की जांच भी कार्रवाई का हिस्सा है।