फेसबुक पर बनी दोस्ती ने युवक की जमा-पूंजी लुटाई; क्रिप्टो निवेश के नाम पर युवती और उसके साथी ने तीन लाख से अधिक ठगे, पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

रुद्रपुर / किच्छा क्षेत्र

सोशल मीडिया पर दोस्ती करना एक युवक को भारी पड़ गया। फेसबुक पर बनी एक दोस्ती ने उसकी मेहनत की कमाई के लाखों रुपये लुटा दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

ग्राम पैगा निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले फेसबुक पर प्रकृति मेहरा नाम की युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। बातचीत के दौरान युवती ने खुद को ऑर्किड्स डिजाइनिंग स्टूडियो नाम की कंपनी की संचालिका बताया और दावा किया कि वह साइड बिज़नेस में क्रिप्टोकरेंसी व सोने में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाती है। भरोसा दिलाने के लिए वह अपने कथित मुनाफे के स्क्रीनशॉट भी भेजती थी।

 

पीड़ित के अनुसार युवती ने उसे व्हाट्सऐप वीडियो कॉल कर क्रिप्टो में निवेश करने का तरीका समझाया। इसके बाद 31 अक्टूबर को युवक ने 10 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से भेज दिए। फिर युवती ने उसे एक एप डाउनलोड कराकर लिंक भेजा एवं उसकी आईडी बनाकर रजिस्ट्रेशन करा दिया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर यूएसडीटी ट्रेडिंग कराने लगी।

 

युवती ने उसे सर आलोक से बात करने को कहा, जिसने कुल मुनाफे पर 30 प्रतिशत कमीशन बताकर लगातार बड़े निवेश का दबाव बनाया। पीड़ित ने बताया कि 31 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच उसके दोनों खातों से कुल ₹3,31,980 रुपये निकाल लिए गए। लाभ की जगह उस पर और अधिक पैसे निवेश करने के लिए दबाव बनाया जाने लगा।

 

संदेह होने पर जब उसने जांच की तो पता चला कि प्रकृति और आलोक नाम के लोग साइबर ठग हैं और ये पूरा नेटवर्क उसे छलने के लिए चलाया गया था। पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए अपनी पूरी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।

 

पीड़ित की तहरीर पर आईटीआई थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर फ्रॉड के लिंक, मोबाइल नंबर, वाट्सऐप कॉल डिटेल और लेनदेन की जांच में जुटी हुई है।