तीन थानों की फोर्स तैनात
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में शनिवार को एक बार फिर हंगामा हो गया। अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतका के परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए मौके पर तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी।
टीपी नगर क्षेत्र निवासी अर्शदीप की बहन की बृहस्पतिवार देर रात प्रसव के बाद अस्पताल में मौत हो गई थी। शुक्रवार को भी परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर काफी देर तक हंगामा किया था। उस समय पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया था। शनिवार को परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे और धरना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने जरूरी जांच किए बिना ही ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद महिला को निगरानी में रखने के बजाय जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। हालत बिगड़ने पर डायलिसिस भी की गई, लेकिन इसकी जानकारी परिवार को नहीं दी गई। परिजनों ने अस्पताल के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाई। सूचना पर एसपी सिटी हरबंस सिंह समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।
