नितेश हत्याकांड का आरोपी विकास पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, बरेली से रुद्रपुर लाते समय पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश, पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

रुद्रपुर। जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुए नितेश जोहरी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्याकांड के आरोपी विकास को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बरेली से गिरफ्तार कर उसे रुद्रपुर लाया जा रहा था। इसी दौरान पुलभट्टा थाना क्षेत्र में बरेली रोड पर आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

जानकारी के अनुसार नितेश जोहरी की हत्या के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने हत्याकांड में शामिल विकास को बरेली से गिरफ्तार किया था। उसे लेकर टीम रुद्रपुर लौट रही थी। रास्ते में पुलभट्टा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर टीम पर फायरिंग कर दी।

 

इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। आरोपी के कब्जे से हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद होने की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

गौरतलब है कि रुद्रपुर के जिला अस्पताल में मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर हुए विवाद में नितेश जोहरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। विकास की गिरफ्तारी को हत्याकांड की जांच में अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।