रुद्रपुर। धान के सीजन के बीच मंगलवार सुबह ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मुंशी की मौत हो गई। तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने पीछे से आई धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दूधिया नगर, वार्ड नंबर 13, गली नंबर तीन निवासी रामकिशोर गंगवार पुत्र डालचंद गंगवार मूल रूप से मिलक, रामपुर के रहने वाले थे। मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे वह बाइक से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से आ रही धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने रामकिशोर को सड़क से उठाकर मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव को सरकारी अस्पताल लाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार में मौत की खबर से कोहराम मच गया।
बताया गया कि रामकिशोर पिछले 15-20 वर्षों से भगवती एंटरप्राइजेज में मुंशी के तौर पर काम कर रहे थे। गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने हादसे की जानकारी दी। मृतक के भाई ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के बाद चालक व वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
