जसपुर। ग्राम पंचायत कलियावाला की प्रधान बलजीत कौर को फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने के मामले में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पद से हटा दिया है। जांच में जाति प्रमाणपत्र निरस्त होने और नामांकन के दौरान मिथ्या घोषणा पत्र प्रस्तुत करने की पुष्टि के बाद डीएम ने उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की है। वहीं, ग्राम पंचायत की उपप्रधान तरनजीत कौर को प्रधान पद के प्रशासनिक और वित्तीय दायित्व सौंपे गए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, बलजीत कौर ने अन्य पिछड़ा वर्ग के जाति प्रमाणपत्र के आधार पर आरक्षित सीट से प्रधान पद का चुनाव लड़ा था। बाद में मामले की जांच के दौरान स्क्रूटनी कमेटी ने उनके पक्ष में जारी जाति प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया। इस फैसले के खिलाफ बलजीत कौर ने राज्य स्तरीय कास्ट स्क्रूटनी कमेटी और आयुक्त कुमाऊं मंडल के समक्ष अपील की थी, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली।
आयुक्त कुमाऊं मंडल ने नौ जून 2026 को अपील खारिज करते हुए जिला स्तरीय समिति के निर्णय को सही ठहराया था। आदेश में कहा गया कि बलजीत कौर ने प्रधान पद के नामांकन में मिथ्या घोषणा पत्र प्रस्तुत कर आरक्षण का लाभ लिया। यह उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम की धारा 38 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
इसी आधार पर जिलाधिकारी ने उन्हें प्रधान पद से पदच्युत कर दिया। साथ ही उपप्रधान तरनजीत कौर को नए निर्वाचन तक अथवा अधिकतम छह माह की अवधि के लिए प्रधान पद के प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों के निर्वहन की जिम्मेदारी सौंपी है।
