नानकमत्ता क्षेत्र के दहला रोड स्थित हाईवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में किच्छा के एक युवा व्यापारी और चम्पावत के एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात एक फार्च्यूनर वाहन और नई कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि चम्पावत निवासी शिक्षक संजय पांडे और उनके साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी हल्द्वानी के शोरूम से नई कार खरीदकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार नानकमत्ता के दहला रोड हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार फार्च्यूनर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार लोग वाहन में फंस गए। हादसे में घायल 24 वर्षीय दीपांश सिंघल पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी आवास विकास कॉलोनी, किच्छा को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपांश किच्छा में टाइल कारोबार से जुड़े थे। वहीं गंभीर रूप से घायल 41 वर्षीय शिक्षक संजय पांडे पुत्र भुवन पांडे निवासी मादली, चम्पावत ने हल्द्वानी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वह जीआईसी बालातड़ी, ब्लॉक पाटी, चम्पावत में तैनात थे। हादसे में 27 वर्षीय मनप्रीत सिंह निवासी किच्छा तथा 35 वर्षीय चंद्रप्रकाश जोशी निवासी चम्पावत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रतापपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भीषण सड़क हादसा: नई कार लेकर लौट रहे चम्पावत के शिक्षक और किच्छा के युवा व्यापारी की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल।




