रुद्रपुर में एक नंबर की दो कारें, चेसिस नंबर भी समान; एआरटीओ कार्यालय में मचा हड़कंप
रुद्रपुर। संभागीय परिवहन कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर वाली दो स्विफ्ट डिजायर कारें आमने-सामने पहुंचीं। हैरानी की बात यह रही कि दोनों वाहनों का चेसिस नंबर भी समान पाया गया। एक वाहन हरिद्वार निवासी सहदेव कुमार पाल के नाम दर्ज है, जबकि दूसरा नैनीताल निवासी नीरज कुमार के नाम सामने आया है।
जानकारी के अनुसार सहदेव कुमार अपनी कार का बीमा नवीनीकरण कराने पहुंचे थे, जहां उन्हें इसी नंबर की दूसरी कार के बारे में पता चला। शिकायत के बाद परिवहन विभाग ने दूसरे वाहन मालिक को भी कार समेत कार्यालय बुलाया। जांच में दोनों कारों का रजिस्ट्रेशन नंबर UK-06-AN-0807 और चेसिस नंबर समान मिला।
मामला तब और पेचीदा हो गया, जब जांच में आधार दस्तावेजों में भी समानता सामने आई, जबकि फोटो और जन्मतिथि अलग मिली। अब पुराने रिकॉर्ड, वाहन ट्रांसफर दस्तावेज और डीलर की भूमिका की जांच की जा रही है। स्थानीय मारुति कंपनी की तकनीकी टीम भी दोनों वाहनों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।





