रुद्रपुर’ ठुकरा प्यार तो चढ़ा युवती का पारा, शादी की जिद्द पर चढ़ गई हाईटेंशन लाइट के पोल पर.. देखिए कैसे मचा हड़कंप

किच्छा। प्रेमी के शादी से इनकार करने से नाराज एक युवती ने ऐसा कदम उठा लिया कि मौके पर हड़कंप मच गया। हल्द्वानी बाईपास के पास युवती हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ गई। वह काफी देर तक पोल पर खड़ी होकर चिल्लाती रही। युवती को हाईटेंशन तारों के नजदीक देखकर आसपास के लोगों के होश उड़ गए। गनीमत रही कि वह तारों की चपेट में नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।

 

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी बाईपास के पास रहने वाली युवती का पड़ोस के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवती लंबे समय से युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। युवती का आरोप है कि युवक काफी समय से उसे शादी का भरोसा देता आ रहा था। शनिवार रात किसी बात को लेकर युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे युवती नाराज हो गई।

 

रविवार सुबह युवती अचानक रेलवे लाइन के पास स्थित हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ गई। उसे पोल पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने युवती को नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ी रही। काफी देर तक समझाने-बुझाने और मान-मनौव्वल के बाद युवती को बमुश्किल पोल से नीचे उतारा गया।

 

इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों ने युवती के पोल पर चढ़ने का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो में युवती पोल पर खड़ी दिखाई दे रही है, जबकि नीचे लोगों की भीड़ उसे समझाने का प्रयास करती नजर आ रही है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि युवती हाईटेंशन तारों की चपेट में आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते लोगों की समझाइश से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।