ड्यूटी पर नशा पड़ा भारी तो नौकरी जाएगी! SSP अजय गणपति का सख्त संदेश, अनुशासनहीन पुलिसकर्मियों पर बर्खास्तगी तक की चेतावनी

Share the news

रुद्रपुर। पुलिस महकमे में अनुशासन, फिटनेस और पेशेवर कार्यशैली को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कड़ा संदेश दिया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी प्रकार का नशा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जो बर्खास्तगी तक पहुंच सकती है।

 

साप्ताहिक परेड के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन और कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता और जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना होगा।

 

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के समय अथवा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का नशा विभागीय अनुशासन के विपरीत है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्दी की गरिमा और विभाग की प्रतिष्ठा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।

 

एसएसपी ने अपराधियों, माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

 

बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता का परीक्षण भी किया गया।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से फिट पुलिसकर्मी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

 

उन्होंने कहा कि अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि पुलिस विभाग में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है तथा ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *