रूस में 70 हजार की नौकरी का झांसा, 3.10 लाख ऐंठे: पासपोर्ट छीना, पुलिस से पकड़वाने की धमकी, टिकट तक कराया कैंसिल

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 3.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। खेड़ा निवासी सुहैल उस्मानी ने रंपुरा चौकी में तहरीर देकर दो नामजद समेत तीन लोगों पर रुपये लेने, रूस में नौकरी नहीं दिलाने और पासपोर्ट छीनकर धमकाने का आरोप लगाया है।

 

तहरीर के अनुसार रंपुरा क्षेत्र के रेशमबाड़ी निवासी फुरकान और बुशरा ने उसे रूस भेजने के नाम पर 2.10 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि दोनों ने रूस में पैकिंग कंपनी में 70 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद उसे रूस भेज दिया गया, लेकिन वहां होटल के बजाय एक अपार्टमेंट में ठहराया गया। होटल की बुकिंग नहीं होने के कारण रूस पुलिस ने उसके वीजा पर पांच हजार रुपये का चालान भी किया।

 

युवक का आरोप है कि कई दिन तक नौकरी नहीं लगी तो उसने आरोपियों से संपर्क किया। इस पर उससे अतिरिक्त 50 हजार रुपये मांगे गए। काम मिलने की उम्मीद में उसने हाशिम को 40 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बावजूद नौकरी नहीं मिली। आरोप है कि विरोध करने पर उसका पासपोर्ट छीन लिया गया और रूस पुलिस से पकड़वाने की धमकी दी गई। बाद में पांच हजार रुपये लेकर पासपोर्ट लौटाया गया और फोन से चैट व रिकॉर्डिंग भी डिलीट कराई गई।

 

तहरीर में बताया कि वापसी के लिए टिकट भी नहीं दिया गया। इसके बाद पिता ने 50 हजार रुपये खर्च कर टिकट कराया और वह भारत लौटा। सुहैल ने आरोपियों से रकम वापस मांगी तो गाली-गलौज की गई। पीड़ित ने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।