रुद्रपुर। सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू नहीं होने से किसानों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। पुरानी गल्ला मंडी में घंटों अधिकारियों का इंतजार करने के बाद किसान हाईवे पर पहुंच गए और दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। ट्रैक्टर खड़े कर रास्ता रोक दिया गया। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई और करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा।
किसानों का आरोप था कि प्रशासन ने एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू कराने का भरोसा दिया था। इसके लिए क्रय केंद्रों पर कांटे भी लगा दिए गए, लेकिन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू नहीं होने से सरकारी खरीद के नाम पर व्यवस्था ठप पड़ी है। किसान तैयार धान लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं, लेकिन खरीद नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में कम दाम पर उपज बेचनी पड़ रही है।
मंडी में धरने के दौरान किसानों ने अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर पहले नाराजगी जताई। दो घंटे तक इंतजार के बाद उन्होंने हाईवे जाम करने का फैसला लिया। दोपहर करीब 12 बजे किसान सड़क पर उतर आए। ट्रैक्टर लगाकर रास्ता रोकने के बाद कुछ समय के लिए दूसरी सड़क पर भी जाम कर दिया गया।
सूचना पर एसडीएम मनीष बिष्ट और सीओ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान खरीद शुरू होने की ठोस व्यवस्था होने तक हटने को तैयार नहीं थे। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद खाद्य विभाग की आरएमओ लता मिश्रा और एसडीएम ने मंगलवार से सरकारी क्रय केंद्रों का पोर्टल खोलकर खरीद शुरू कराने का आश्वासन दिया। बुधवार से कच्चे आढ़तियों की खरीद शुरू होने की बात कही गई। इसके बाद किसानों ने जाम खोला।
