रुद्रपुर में गैंगरेप के चर्चित मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को मौके से दबोच लिया गया। तीनों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
रुद्रपुर। शनिवार रात हुई गैंगरेप की घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार देर रात चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपियों ने जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई। उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसके साथ जोगा सिंह और रविंदर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी गैंगरेप मामले में वांछित थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।




