कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक का ‘महाप्लान’, 30 जुलाई से 11 अगस्त तक भारी वाहनों पर रहेगी सख्ती

Share the news

रुद्रपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिले में व्यापक यातायात डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक प्रभावी रहने वाली इस व्यवस्था के तहत भारी वाहनों की आवाजाही पर कई स्थानों पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को राहत दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में तैयार इस प्लान का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात और आमजन को जाम से राहत दिलाना है।

पुलिस के अनुसार दिल्ली, रामपुर, मुरादाबाद और बिलासपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड के रास्ते काशीपुर, हरिद्वार, नैनीताल, सितारगंज, किच्छा और सिडकुल की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह काशीपुर, हरिद्वार, खटीमा, सितारगंज, हल्द्वानी और नैनीताल से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी रिंग रोड के जरिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम रहे।

08 से 11 अगस्त तक और कड़ी होगी व्यवस्था

डाक कांवड़ के दौरान 08 से 11 अगस्त तक यातायात व्यवस्था और सख्त रहेगी। इस अवधि में रामपुर बॉर्डर, एमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर, राधा स्वामी सत्संग और पार्ले चौक से सभी प्रकार के वाहनों को रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति करने वाले आवश्यक सेवा वाहनों को सामान्य रूप से संचालन की अनुमति रहेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन केवल कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित कर दूसरी लेन से सामान्य यातायात संचालित कराया जाएगा।

इन स्थानों पर भारी वाहनों की रहेगी नो-एंट्री

08 से 11 अगस्त तक पुलभट्टा, सितारगंज, किच्छा, रुद्रपुर, पंतनगर, गदरपुर, बाजपुर, आईटीआई क्षेत्र, काशीपुर, कुंडा और जसपुर समेत कई प्रमुख चौराहों और बॉर्डर क्षेत्रों में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं काशीपुर सेक्टर में धामपुर, बिजनौर, ठाकुरद्वारा, रामनगर, दड़ियाल, बाजपुर और गदरपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

इनसेट

आमजन से पुलिस की अपील

कांवड़ यात्रा के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें, यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *