चीमा चौराहे पर सीने में घोंपा चाकू, युवक की मौके पर मौत… नशा या पैसों का विवाद, पुलिस खंगाल रही हत्या की वजह

Share the news

काशीपुर। चीमा चौराहे के पास रेलवे फाटक पर रविवार शाम हुए खूनी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हत्या में बदल गई और एक युवक के सीने में चाकू घोंपकर उसकी जान ले ली गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आरोपी की तलाश में दबिश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गौरव कश्यप पुत्र स्वर्गीय सतीश कश्यप, निवासी छतरपुर मेवला, रामपुर के रूप में हुई है। वह काशीपुर के चांदपुर क्षेत्र में अपने मामा सुनील कश्यप के साथ रहता था और एक टेंट हाउस में काम करता था। मृतक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है।

मृतक के मामा सुनील कश्यप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार शाम करीब 7:40 बजे उन्हें पुलिस से गौरव की मौत की सूचना मिली। मोर्चरी पहुंचने पर गौरव के दोस्त मुकीम ने बताया कि शाम करीब सात बजे चीमा चौराहे के समीप रेलवे फाटक के पास अबूला उर्फ गुल्लू निवासी अल्ली खां, काशीपुर ने गौरव के सीने में चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में नशे और कुछ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *