15 जुलाई को उप प्रधान चुनाव का महासंग्राम, नामांकन, जांच, नाम वापसी, मतदान और मतगणना एक ही दिन; राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किया पूरा चुनाव कार्यक्रम।

Share the news

जिलाधिकारी ने जारी किया उप प्रधान चुनाव कार्यक्रम, 15 जुलाई को नामांकन से मतगणना तक पूरी होगी प्रक्रिया

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में रिक्त उप प्रधान ग्राम पंचायत पदों के सामान्य निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जनपद में 15 जुलाई को एक ही दिन नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 10 से 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11 से 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है, जबकि 12:30 से 1 बजे तक प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा और शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होकर कार्य पूर्ण होने तक जारी रहेगी। मतगणना के बाद परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 8 जुलाई से 14 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर होगी। वहीं, 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में निर्धारित स्थान पर नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने, पत्रों की जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा सहित निर्वाचन की सभी औपचारिकताएं संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर नामित निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में संपन्न कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *