रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान योगेश मलिक उर्फ भदौरिया (53) निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत 46 से अधिक संगीन मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार को डायल-112 पर सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना पर कोतवाली आईटीआई पुलिस ने पुरानी चैती चौकी के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के दौरान पता चला कि गिरफ्तार आरोपी थाना गंगोह, जिला सहारनपुर से एक लाख रुपये का इनामी अपराधी है। उसकी इनामी घोषणा की पुष्टि संबंधित थाना पुलिस ने भी की है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ थाना कंकरखेड़ा, मेरठ में गैंगस्टर एक्ट का मामला भी दर्ज है।
पुलिस जांच में सामने आया कि योगेश मलिक पर उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत कई जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 46 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही संबंधित राज्यों की पुलिस को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




