रुद्रपुर। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह अनुभाग-1 की ओर से 25 नवंबर को जारी शासनादेश के तहत कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) समेत अन्य अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
शासनादेश के अनुसार, नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को सेनानायक एसडीआरएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनके स्थान पर मणिकांत मिश्रा को ऊधम सिंह नगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ जिले की पुलिस कमान एक बार फिर मणिकांत मिश्रा के हाथों में आ गई है। इससे पहले भी वह ऊधम सिंह नगर में एसएसपी के पद पर तैनात रह चुके हैं। शासन के इस फेरबदल के बाद जिले की पुलिस व्यवस्था में नेतृत्व परिवर्तन होगा।
