मौसम ने बढ़ाई चिंता, उधमसिंह नगर में कल स्कूलों पर ताला, कक्षा 12 तक अवकाश घोषित, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद, प्रशासन ने जारी किया सख्त आदेश

रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से छह सितंबर को जारी मौसम अलर्ट के बाद उधमसिंह नगर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिले में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए उधमसिंह नगर नगर क्षेत्र के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा-12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार, 7 सितंबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन के आदेश के मुताबिक पर्वतीय जनपदों में लगातार हो रही बारिश के कारण उधमसिंह नगर नगर क्षेत्र में बहने वाली नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवकाश का निर्णय लिया गया है। आदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी सात सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। साथ ही आदेश का प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं।