घर का दरवाजा अंदर से बंद था, खिड़की से देखा तो फंदे पर लटकी मिली महिला

गदरपुर। मकरंदपुर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 28 वर्षीय महिला घर के भीतर फंदे पर लटकी मिली। पति के काम पर जाने के बाद महिला ने यह कदम उठाया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पति ने पड़ोस की खिड़की से अंदर झांका तो घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

मकरंदपुर निवासी सुनीता जोरदार (28) पत्नी सुशांत जोरदार की करीब 10 वर्ष पहले शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब छह बजे सुशांत रोज की तरह काम के लिए घर से निकल गए थे। उस समय सुनीता दोनों बच्चों के साथ घर पर थीं।

 

करीब नौ बजे सुशांत वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने पड़ोस की खिड़की से अंदर देखने का प्रयास किया। खिड़की से सुनीता पंखे से लटकी दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर महिला को नीचे उतारा।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।