करंट ने छीन ली पिता-पुत्री की जिंदगी: एसी की लाइन ठीक करते समय हादसा, बचाने दौड़ी 12 साल की बेटी भी झुलसी, दोनों की मौत से मचा कोहराम

Share the news

हल्द्वानी। घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका के बीच हल्द्वानी में दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई। मंगलवार देर शाम छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक करते समय करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी करंट की चपेट में आ गए। पिता को बचाने पहुंची उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

बताया गया कि नदीम सलमानी अपने घर की छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान घर से सटे विद्युत पोल की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया। शोर सुनकर उनकी बेटी अलिशबा भी छत पर पहुंची और पिता को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गई।

 

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से घर में कोहराम मच गया। शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल में करंट उतरने की समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद हादसा टाला जा सकता था।

 

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि नदीम सलमानी और उनकी बेटी को एसी का तार ठीक करते समय करंट लगने की सूचना मिली थी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

 

हादसे की जानकारी मिलने पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सपा प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, भाजपा नेता मजहर नईम नवाब, इसरार अहमद और समाजसेवी उवैस राजा समेत कई लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली।

 

नोट: विद्युत पोल से करंट उतरने और हादसे के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *