ओवरटेक के प्रयास में बेकाबू बस ने पिकअप को मारी टक्कर,  फ्लाईओवर पर हादसे के बाद बस में मची अफरातफरी, पिकअप चालक और हेल्पर घायल

 

रुद्रपुर। देहरादून से यात्रियों को लेकर रुद्रपुर आ रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने सोमवार रात फ्लाईओवर पर ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे पिकअप वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप छिटककर सड़क की दूसरी ओर जा पहुंचा। हादसे में पिकअप चालक और हेल्पर घायल हो गए, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

जानकारी के अनुसार यूके स्टारबस लिखी निजी बस संख्या यूके 04 पीए 2571 का चालक लियाकत यात्रियों को लेकर देहरादून से रुद्रपुर आ रहा था। फ्लाईओवर पर उसके आगे सामान से भरा पिकअप वाहन संख्या यूके 06 सीए 8379 चल रहा था। चालक ने पिकअप को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और पीछे से पिकअप में जा भिड़ी। अचानक हुई टक्कर से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई।

हादसे के बाद पिकअप चालक और हेल्पर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बस में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। सड़क पर दोनों वाहनों के टूटे शीशे बिखरने और लोगों की भीड़ जुटने से यातायात भी बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। सीओ विभव सैनी ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।