युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनना होगा : राज्यपाल पंतनगर विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना दिवस पर बोले राज्यपाल, पर्वतीय कृषि और नवाचारों पर शोध बढ़ाने पर दिया जोर

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना दिवस समारोह में मंगलवार को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने युवाओं से नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि स्टार्टअप, आधुनिक तकनीक और नवाचारों के जरिये युवा न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। उत्तराखंड की परिस्थितियों को देखते हुए पर्वतीय कृषि, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर विशेष अनुसंधान की जरूरत है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।

 

राज्यपाल ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने हरित क्रांति की मजबूत आधारशिला रखने के साथ देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2026 में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल करना संस्थान की शैक्षणिक और शोध क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने संकर चारा मक्का किस्मों, बद्री गाय में ओपीयू-आईवीएफ तकनीक, मालू के रेशों से वस्त्र निर्माण और धान की भूसी से ट्राइकोडर्मा उत्पादन जैसे नवाचारों की सराहना की।

 

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल तथा रचनात्मक कार्यों में लगाने की सलाह दी। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का लाभ तकनीकी प्रसार के माध्यम से किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का भी अवलोकन किया।

 

सांसद अजय भट्ट ने विश्वविद्यालय को क्यूएस रैंकिंग में मिली उपलब्धि पर वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंतनगर का गौरवशाली इतिहास रहा है और यह संस्थान हरित क्रांति की जन्मस्थली के रूप में देश की खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में अहम भूमिका निभा चुका है।

 

कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने बताया कि 17 नवंबर 1960 को स्थापित विश्वविद्यालय का उद्देश्य देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाना था। विश्वविद्यालय आज भी कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में अनुसंधान के जरिये अपनी भूमिका निभा रहा है।

 

इससे पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न शोध केंद्रों, डेयरी, मत्स्य बीज हैचरी, मशरूम यूनिट, वर्मी कंपोस्ट, मक्का बीज उत्पादन और पशुपालन इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगतिशील किसानों से संवाद कर आधुनिक खेती और बागवानी अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान द वाइब स्ट्रीट और पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के परीक्षा हॉल का शिलान्यास किया। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ राइजिंग पंतनगर पुस्तक का विमोचन भी किया।

 

अधिकारियों को नशे और सड़क हादसों पर सख्ती के निर्देश

 

स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के जिलाधिकारियों, एसएसपी और वनाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने, अवैध शराब और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री जनमन योजना का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।