रुद्रपुर। 29 मार्च को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चाय विक्रेता गौतम मंडल ने आखिरकार 44 दिन बाद जिंदगी की जंग हार दी। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गौतम मंडल 29 मार्च को पैदल सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पिछले 44 दिनों से उसका उपचार चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि गौतम जल्द स्वस्थ होकर घर लौट आएगा, लेकिन सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी बेसुध हो गई, जबकि मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों और पड़ोसियों ने भी गहरा दुख जताया। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक गौतम मेहनती और मिलनसार व्यक्ति था, जो सुबह से देर रात तक चाय की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


