रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रायपुर में पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब बनाने की भट्टी पकड़ ली। पुलिस ने मौके से करीब 65 लीटर कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण और भारी मात्रा में लहन बरामद कर नष्ट किया। जबकि मौके पर मौजूद आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रायपुर में गुरुद्वारे के आगे कालीनगर-दिनेशपुर मार्ग पर खेत में अवैध शराब की कसीदगी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने नदी किनारे खेत में दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति मौके से नदी पार कर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से करीब 40 लीटर शराब से भरी रबर ट्यूब, 50 भरे और 3 खाली पाउचों में लगभग 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही छह लोहे के ड्रम, पांच हांड़ी, छह रबर पाइप, दो प्लास्टिक बाल्टी समेत शराब बनाने के उपकरण कब्जे में लिए गए। आसपास गड्ढों में रखे लगभग 5000 लीटर लहन को भी नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार खेत सतनाम सिंह निवासी रायपुर का बताया जा रहा है, जबकि शराब बनाने वाले आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। मामले में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।



