रुद्रपुर। बार एसोसिएशन ऊधम सिंह नगर में चुनाव कराने की मांग को लेकर सात दिन से चल रहा अधिवक्ताओं का धरना बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की ओर से चुनाव प्रक्रिया को लेकर आश्वासन दिए जाने के बाद अधिवक्ताओं ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
धरने के दौरान बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड की उपाध्यक्ष सुशील मेहता, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव फोगाट, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिट्टा और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य शाहिद हुसैन पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि 18 नवंबर को वार्षिक आमसभा होगी और दिसंबर के प्रथम सप्ताह में चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे। इसके बाद धरनारत अधिवक्ताओं ने संतुष्टि जताते हुए धरना समाप्त कर दिया।
पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में आरपी सिंह, उमा गखर, जुगल गोस्वामी, महेंद्र सिंह चौहान, भूरा अहमद, आरएस रावत, सरबजोत सिंह, राजीव सिंह, राजेंद्र सिंह, एसपी सिंह, प्रमोद पांडे, सुखेन सरकार, रेहान खान और मयंक समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
