चाउमीन के पैसे मांगने पर चली गोलियां, निचाल चौराहे पर दहशत
रुद्रपुर। शहर के रंपुरा स्थित निचाल चौराहे पर शनिवार शाम मामूली विवाद अचानक खूनी तनाव में बदल गया। चाउमीन के पैसे मांगने पर कुछ दबंग युवकों ने सरेराह फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 7:27 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच युवक निचाल चौराहे पर स्थित एक चाउमीन-मोमो की दुकान पर पहुंचे। युवकों ने वहां चाउमीन खाई और काफी देर तक दुकान पर बैठे रहे। जब दुकानदार ने खाने के पैसे मांगे तो युवकों ने भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, जिसके बाद युवक वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाते समय युवक दुकानदार को देख लेने और अंजाम भुगतने की धमकी देकर गए थे।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ से दो घंटे बाद उन्हीं में से तीन युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक नशे की हालत में धुत थे। दुकान पर पहुंचते ही फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते युवकों ने अपने पास मौजूद अवैध तमंचों से ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से चौराहे पर भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई दुकानदारों ने डर के कारण अपनी दुकानें बंद कर दीं। इस दौरान दूसरी ओर से पथराव होने की बात भी सामने आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में पूरी घटना कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले। इसके बाद पूछताछ के लिए कुछ परिजनों को हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निचाल चौराहा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिसके कारण आए दिन विवाद और आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की मांग की है।



