रुद्रपुर में साइबर ठगी के आरोपी ने दरोगा को पांच किलोमीटर तक बोनट पर घसीटा, हरियाणा पुलिस की दबिश के दौरान फिल्मी अंदाज में फरार हुआ आरोपी, मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर/दिनेशपुर। साइबर ठगी के एक मामले में आरोपी को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम पर उस समय हमला हो गया, जब आरोपी ने फरार होने के लिए एएसआई पर ही कार चढ़ाने की कोशिश कर दी। जान बचाने के लिए दरोगा कार के बोनट पर लटक गए, लेकिन आरोपी उन्हें करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बाद में घायल अवस्था में दरोगा को सड़क पर गिराकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार हरियाणा के हांसी साइबर थाने में तैनात एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ शुक्रवार दोपहर बाद दिनेशपुर थाने पहुंचे थे। स्थानीय पुलिस में आमद दर्ज कराने के बाद टीम उदयनगर निवासी भरत सिंह पुत्र नरेंद्र के घर पहुंची। बताया जा रहा है कि साइबर ठगी के एक मामले में पूछताछ के लिए पुलिस आरोपी भरत सिंह को साथ ले जाना चाहती थी।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान भरत सिंह और उसके साथी पुलिस टीम से उलझ गए। इसी बीच भरत सिंह तेजी से कार में बैठ गया, जबकि उसके साथियों ने बाहर से गाड़ी लॉक कर दी। आरोप है कि आरोपी ने कार स्टार्ट कर दी और सामने खड़े एएसआई प्रेम कुमार पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। खुद को बचाने के लिए एएसआई कार के बोनट पर लटक गए।

इसके बावजूद आरोपी कार को तेज रफ्तार में भगाता रहा और एएसआई को करीब पांच किलोमीटर तक बोनट पर लटकाकर घसीटता हुआ ले गया। बताया गया कि बसंतीपुर गांव के पास आरोपी ने एएसआई को नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गया। घटना में एएसआई प्रेम कुमार घायल हो गए।

घटना के बाद घायल एएसआई दिनेशपुर थाने पहुंचे और आरोपी भरत सिंह समेत करीब छह अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।