नौकरी की तलाश में आए युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जुड़वां भाई ड्यूटी से लौटा तो खुला राज

Share the news

पंतनगर के छतरपुर क्षेत्र की घटना, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट; पुलिस कर रही मौत के कारणों की जांच

रुद्रपुर। नौकरी की तलाश में बिहार से पंतनगर आए 21 वर्षीय युवक ने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब फैक्ट्री से ड्यूटी कर लौटे उसके जुड़वां भाई ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। युवक छत के कुंडे से फंदे पर लटका हुआ था।

पुलिस के अनुसार बिहार के आरा निवासी सौरव पुत्र गजेंद्र सिंह सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कार्यरत है और पंतनगर थाना क्षेत्र के छतरपुर में किराये के कमरे में रहता है। करीब 20 दिन पहले उसका जुड़वां भाई गौरव कुमार (21) भी नौकरी की तलाश में उसके पास आया था।

मंगलवार सुबह सौरव ड्यूटी पर चला गया, जबकि गौरव कमरे में अकेला था। शाम को लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर गौरव फंदे पर लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर संजय वन चौकी प्रभारी नरेंद्र अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों से पूछताछ में भी आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *